Monday, 18 March 2013

उदासी या चिंतन

कभी-कभी मै उदास होता हूँ,
जैसे एक आम का सूखा पेड़ आम के बाग़ में,
पर मै कुछ ही पलों में ढूंढ लेता हूँ,
इस उदासी को डसने वाले विचार,
अपने आस-पास बिखरे कुदरत के खजाने से.
मै देखता हूँ की वो आम का पेड़ आज उदास है,
क्योंकि वो हमेशा औरों को फल देता आया था,
निःस्वार्थ बिना कभी खुद एक टिकोरा चखे.
उसे बेसब्री से इंतज़ार रहता था बसंत का, ताकि वो..
लुटा सके अपना साल भर का खजाना जिसे उसने कमाया है.
अपनी दिन रात की मेहनत से.
और वो लोंगो को जिंदा रखता था.
वायुमंडल का सारा ज़हर खुद पीकर,
पर आज वो किसी को कुछ दे नहीं सकता,
एक बेबसी की झलक है इस उदासी में जो अपने लिए कभी न थी.
मै देख रहा था की वो पेड़ कुछ कहना चाहता है.
लेकिन मै उसे सुन नहीं पा रहा  हूँ.
 शायद वो कह रहा है कि----
वो उदास नहीं है वो तो चिंतित है,
क्योंकि वो देख रहा है.
लोंगों को मरते ठण्ड से,
भूख से और वो बेबस है.
वो जनता है उसकी आग बुझा सकती है लोंगों के पेट की आग.
वो जनता है की उसकी आग बचा सकती है ठण्ड से मरते इन बेसहारा और लाचार लोंगों को,
वो उदास है खुद के न भस्म होने पर,
वो उदास है खुद के ऐसे अस्तित्व पर,
जो अस्तित्व में होकर उसके अस्तित्व का खून कर रहा है.
और उस सूखे पेड़ की ऐसी जीवटता को देखकर, मै मुस्करा देता हूँ जैसे एक छोटा बच्चा भीड़ में,
अपनी खोई माँ को देखकर रोते-रोते मुस्करा देता है,
एक असीमित संतुष्टि के साथ.

आपका---धर्मेन्द्र प्रताप सिंह

No comments:

Post a Comment